Sitapur News : शहर के एक होटल में शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई। जिसमें विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन करते हुए किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार चल रहे किसान आन्दोलन को कुचलने के लिए लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है।
मीडिया प्रभारी राहुल मिश्रा ने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर किसान हित में सड़कों पर उतर कर संघर्ष करना होगा। संगतिन मजदूर संगठन की ऋचा सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन हम सभी की आवाज दबाने का कुचक्र चला रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक पिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि किसान हित में किए जा रहे संघर्ष में दर्ज हो रहे फर्जी मुकदमों से हम सभी डरने वाले नहीं हैं।
अल्पना सिंह ने कहा कि भाजपा अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए हिटलर शाही रवैया अपना रही है। किसान मंच के प्रदेश प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि अभी तक उत्तर प्रदेश में इस द्वितीय किसान आंदोलन में हम सभी द्वारा सांकेतिक विरोध किया जा रहा था, परंतु जिला प्रशासन ने एफआईआर दर्ज कर सड़को पर संघर्ष के लिए मजबूर कर रहा है।
बैठक में सिख संगठन जिला अध्यक्ष गुरु पाल सिंह, गया प्रसाद, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन लाल, मनीष त्रिपाठी, आनंद सिंह, नवल किशोर मिश्रा व दिव्य सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए।